Advertisement

बाथरूम करने सड़क किनारे उतरा युवक खाई में गिरा, गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर


ऋषिकेश/नई टिहरी, 14 सितंबर। आगराखाल क्षेत्र में सोमवार तड़के सड़क किनारे बाथरूम करने के दौरान एक युवक अचानक खाई में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही आगराखाल चौकी पुलिस और आपदा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक को खाई से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, रामखिलावन (23) पुत्र शालिकराम निवासी धोबी घाट, कोलाघाट, जनपद हरदोई, उत्तर प्रदेश, अपने साथी विकास पुत्र सुरेश कुमार निवासी अजबपुर कलां, दीपनगर, देहरादून के साथ मोटरसाइकिल से हरिद्वार से कनाताल-चंबा की ओर जा रहा था। दोनों मोबिऑयल की बाल्टी लेकर जा रहे थे।

बताया गया कि सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे आगराखाल क्षेत्र में उन्होंने वाहन रोका। इसी दौरान रामखिलावन सड़क किनारे बाथरूम करने के लिए गया। अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आगराखाल चौकी पुलिस और आपदा कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल युवक को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद उसे 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय अस्पताल नरेंद्रनगर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। सिर पर चोट और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उच्च उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की।

पुलिस ने घायल के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। टिहरी पुलिस ने पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों से सड़क किनारे रुकते समय विशेष सावधानी बरतने और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *