Advertisement

दिव्यांग बच्चों के बीच मुख्यमंत्री ने मनाया जन्मदिन, बच्चों संग काटा केक, बच्चों के चेहरों की खुशी जन्मदिन का सबसे खास उपहार: पुष्कर सिंह धामी 


देहरादून, 16 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्म दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और काफी समय उनके बीच बिताया।

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित नजर आए। मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनसे संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान संस्थान का माहौल स्नेह और अपनत्व से भरा रहा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने बच्चों को दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सभी का दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके जन्म दिवस का सबसे विशेष और यादगार उपहार है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी  गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *