Advertisement

2.67 लाख विद्यार्थियों के विचारों से निकले 140 विजन,  पुष्कर सिंह धामी का सीधा संवाद ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान का अंतिम चरण आज; वरिष्ठ अधिकारी की भी विद्यार्थियों से चर्चा


देहरादून, 17 सितंबर। उत्तराखण्ड के विकास में युवा शक्ति की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए गए ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान का अंतिम चरण 18 सितंबर को होगा। ‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखण्ड?’ विषय पर प्रदेशभर के विद्यार्थियों से विचार और सुझाव आमंत्रित किए गए थे। इनमें से चयनित 140 छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। आधिकारिक अभियान पोर्टल के अनुसार 18 सितंबर को ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी संकल्प दिवस’ आयोजित किया जाना है। 
अभियान में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को जोड़ा गया था। ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 2,67,744 विद्यार्थियों ने उत्तराखण्ड के विकास को लेकर अपने विचार और सुझाव साझा किए। विशेषज्ञ समिति के मूल्यांकन के बाद 140 विद्यार्थियों के विचारों का चयन किया गया है। 

मुख्यमंत्री के साथ संवाद से पहले शासन के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों को भी चयनित विद्यार्थियों के साथ चर्चा के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण, स्वरोजगार, पलायन, लोक निर्माण, आईटी, पर्यटन तथा महिला एवं बाल विकास समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अधिकारी विद्यार्थियों के विचार और सुझाव सुनेंगे। इन चर्चाओं में सामने आने वाले महत्वपूर्ण सुझावों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। 

युवाओं की सोच को विकास से जोड़ने की पहल
सरकार के अनुसार ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ को महज निबंध प्रतियोगिता तक सीमित न रखते हुए युवाओं और सरकार के बीच संवाद के मंच के रूप में विकसित किया गया है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों से रोजगार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, पर्यावरण और तकनीक समेत उत्तराखण्ड के विकास से जुड़े विषयों पर उनकी सोच जानने का प्रयास किया गया है। हाल में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उनके सपनों और सुझावों को भी सुना था। 
मुख्यमंत्री धामी का कहना है कि युवा प्रदेश के भविष्य के साथ वर्तमान में भी विकास प्रक्रिया के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। अभियान के माध्यम से सामने आए विचारों को प्रदेश के विकास की दिशा और नीतियों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
18 सितंबर को होने वाला संवाद इस अभियान का महत्वपूर्ण चरण होगा, जिसमें चयनित 140 विद्यार्थी अपने विचार सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे और उत्तराखण्ड के भविष्य को लेकर अपनी परिकल्पना साझा करेंगे। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *