Advertisement

युवाओं के सपनों से बनेगा विकसित उत्तराखंड: पुष्कर सिंह धामी


काशीपुर 19 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों के विचार और सुझाव सुने तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प देश के सामने रखा है। इस संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। युवाओं के पास नया विजन, आउट ऑफ द बॉक्स सोच और कुछ कर गुजरने का जुनून है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद के दौरान उनके विचार सुनकर यह विश्वास और मजबूत होता है कि देश का युवा जागरूक है और उसे विभिन्न विषयों की गहरी समझ है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में सरकार ने युवाओं से ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ को लेकर सुझाव मांगे थे। विद्यार्थियों ने राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इन सुझावों से स्पष्ट है कि उत्तराखंड का भविष्य सक्षम और जागरूक युवाओं के हाथों में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भले ही छोटा राज्य हो, लेकिन यहां के युवाओं के सपने छोटे नहीं हैं। आज की पीढ़ी सपने देखने के साथ उन्हें पूरा करने का साहस भी रखती है।

शिक्षा और तकनीकी विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सेवक के रूप में जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका संकल्प रहा है कि उत्तराखंड का कोई भी होनहार बेटा-बेटी अवसरों के अभाव में पीछे न छूटे। राज्य में वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने के लिए 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं तथा सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है।

उन्होंने कहा कि छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। विद्यार्थियों को विज्ञान और नई तकनीक से जोड़ने के लिए देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। प्रदेश में स्टेम लैब, साइंस एवं इनोवेशन गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रैक्टिकल लर्निंग को बढ़ावा दिया जा रहा है।

‘जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनें युवा’

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि युवा नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने वाले बनने का भी सपना देखें। इसके लिए स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। बदलती जरूरतों के अनुरूप युवाओं को आधुनिक एवं डिमांड बेस्ड स्किल से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर अवसरों के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो, इसके लिए प्रदेश में औद्योगिक एवं रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। खेल के क्षेत्र में भी विश्वस्तरीय खेल नीतियों के माध्यम से युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

सवालों के जवाब देकर विद्यार्थियों से किया संवाद

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से युवा आयोग, उत्तराखंड के विकास, अग्निवीर योजना, साइबर क्राइम, भ्रष्टाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित विभिन्न विषयों पर सवाल किए। मुख्यमंत्री ने शौर्य, दक्ष, चंद्रा, प्रभजोत, खुशी, सिमरन, कात्यायनी, आरती, वैष्णवी और आद्रिका के सवालों का सहजता से जवाब दिया।

छात्र शौर्य के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा आयोग युवाओं की पढ़ाई पूरी होने के बाद उनके लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और उन्हें सरकारी सेवाओं से जोड़ने की दिशा में काम करेगा। छात्र दक्ष के ‘सपनों का उत्तराखंड’ संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा उत्तराखंड बनाना चाहती है, जहां युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए पलायन न करना पड़े। स्वास्थ्य, शिक्षा और बेहतर कनेक्टिविटी जैसी आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ किसानों को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराने पर भी काम किया जा रहा है।

छात्रा चंद्रा के अग्निवीरों के भविष्य से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अग्निवीरों के भविष्य को लेकर सजग है और इसके लिए अग्निवीर सेल का गठन किया जा रहा है। वहीं छात्रा खुशी के एआई और तकनीक संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चुनौती के साथ एक बड़ा अवसर भी है। युवाओं को बदलती तकनीक के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस

छात्रा प्रभजोत के भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने संबंधी सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि कोई व्यक्ति काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है तो नागरिक निसंकोच टोल फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने दोस्तों और साथियों को भी इससे बचने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को अवसर, संसाधन और मंच उपलब्ध करा सकती है, लेकिन उन अवसरों को सफलता में बदलना युवाओं के अपने हाथ में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा के युवा असली कर्णधार हैं। युवाओं की सोच, मेहनत और प्रतिभा ही देवभूमि को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे खूब मेहनत करें, पढ़ाई करें और सबसे बढ़कर स्वयं पर विश्वास रखें।

कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, मनजीत सिंह, राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष मनोजपाल, खिलेंद्र चौधरी, मोहनपाल, गुरविंदर सिंह चंडोक, एसएसपी अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *