देहरादून 21 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार, आर्थिक सहायता सहित विभिन्न क्षेत्रीय और व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़े प्रकरण मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला अथवा विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से शासन स्तर पर लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। अधिकारियों को अपने स्तर पर जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करना होगा।
धामी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शासन-प्रशासन के प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना जाए और नियमानुसार उनका शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सरकारी कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन शिकायतों के समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों को प्रभावी बनाया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने के साथ पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविरों के साथ स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर भी लगाए जाएंगे।
इन शिविरों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। शिकायतों के निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग हो और यह सुनिश्चित किया जाए कि समाधान महज कागजी औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिले।
इस दौरान ‘9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026’ में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की। पटाया, चोनबुरी, थाईलैंड में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता में उत्तराखंड के मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण पदक, जबकि मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक हासिल किया।
मुख्यमंत्री ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल, डीएम देहरादून डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।













Leave a Reply