Advertisement

435 ग्राम चरस और 14.5 ग्राम स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार दो वांछित आरोपियों की तलाश जारी, आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं 51 मुकदमे


ऋषिकेश, 26 सितंबर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को 435 ग्राम चरस और 14.5 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 1,900 रुपये की नकदी भी बरामद की है। मामले में दो अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 सितंबर को उपनिरीक्षक सुमित चौधरी पुलिस टीम के साथ श्यामपुर चौकी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान जंगलात रोड, गुज्जर प्लॉट के पास पुलिस टीम को देखकर एक व्यक्ति जंगल की ओर जाने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे रोक लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 435 ग्राम अवैध चरस और 14.5 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान गुरुचरण सिंह उर्फ मुन्ना पुत्र स्व. सुभाष, निवासी गली नंबर 19, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश, उम्र 57 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी कोतवाली ऋषिकेश का हिस्ट्रीशीटर है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज किया है। विवेचना के दौरान शांति देवी पत्नी गुरुचरण सिंह तथा उसके दामाद सौरभ बत्रा निवासी अकबरपुर, लखनऊ, हाल निवासी चन्द्रभागा, ऋषिकेश के नाम सामने आए हैं। दोनों को मामले में वांछित बताया गया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गुरुचरण सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ वर्ष 1994 से 2026 तक ऋषिकेश कोतवाली समेत अन्य थानों में कुल 51 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित मारपीट, चोरी और अन्य धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं। इनमें कई मामले मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब से संबंधित हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *