Advertisement

कुम्हारबाड़ा में गूंजा पोषण का संदेश, गर्भवती महिलाओं की कराई गोद भराई आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में महापौर शम्भू पासवान ने किया महिलाओं व बच्चों का उत्साहवर्धन


ऋषिकेश 28 सितंबर।  महिला एवं बाल विकास विभाग एवं पोषण अभियान के अंतर्गत कुम्हारबाड़ा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर शम्भू पासवान ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक विधि-विधान से गोद भराई की रस्म कराई गई।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को फल एवं पौष्टिक आहार वितरित किया गया। महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार लेने और अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया। वहीं, आंगनवाड़ी केंद्र आने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों को पोषण सामग्री एवं उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि स्वस्थ मां ही स्वस्थ शिशु और सशक्त समाज की आधारशिला होती है। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने के साथ स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से समय-समय पर चिकित्सकीय जांच कराने और विशेषज्ञों से आवश्यक परामर्श लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। ऐसे कार्यक्रमों से गर्भवती महिलाओं और बच्चों को पोषण के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन आंगनवाड़ी संचालिका वीरबाला एवं सहायिका लक्ष्मी गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री कविता शाह, मंडल अध्यक्ष निवेदिता सरकार, नामित पार्षद सोनू पांडे, ज्योति, कुसुम यादव सहित क्षेत्र की मातृशक्ति मौजूद रही।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *