देहरादून चिड़ियाघर में बढ़ा आकर्षण, सफेद बाघ ‘तेजस’ पर्यटकों के दीदार के लिए तैयार, कॉलेज के विद्यार्थियों को भी चिड़ियाघर में मिलेगा निःशुल्क प्रवेश, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया सफेद बाघ के बाड़े का लोकार्पण


देहरादून 19 नवंबर। मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में अब पर्यटक सफेद बाघ ‘तेजस’ का दीदार कर सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सफेद बाघ तेजस के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकनार्थ समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आगमन से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का एक नया अनुभव मिलेगा। उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के प्रति व्यावहारिक जानकारी हासिल करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में अन्य प्रजाति के दो बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वन संपदा, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को करीब से समझने का अवसर मिलता है। पूर्व में बच्चों के लिए निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था शुरू की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर वर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख वनाच्छादित राज्यों में शामिल है। यहां की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों की रक्षा के साथ ही नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है। इस दिशा में देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र अहम भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *