मुख्यमंत्री का जन्म दिवस प्रदेश भर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने युवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्कूली बच्चों के साथ मनाया अपना जन्म दिन
देहरादून 16 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने #YuvaSankalpDiwas के अवसर पर आज सहस्त्रधारा रोड स्थित अमृत फार्म में आयोजित अभिनन्दन समारोह में प्रतिभाग कर उनके जन्मदिवस के उपलक्ष में लगाये गये रक्तदान शिविर का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने जन्मदिवस के अवसर पर बुजुर्गों, मातृशक्ति द्वारा दिये गये सम्मान और स्नेह के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने रक्तदान करने वाले लोगों और प्रदेश की युवा शक्ति का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्य सेवक और एक कार्यकर्ता के रूप में उन्हें जन सेवा करने का जो अवसर मिला है, उसमें मातृशक्ति का बड़ा योगदान है। मुख्यमंत्री ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि जिस तरह उनके जन्मदिवस पर लोगों ने रक्तदान किया, उसी प्रकार लोग कभी भी, कहीं भी किसी जरूरतमंद को रक्त की जरूरत पड़े तो हमेशा पहली पंक्ति में खड़े नजर आएंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जीजीआईसी राजपुर रोड, देहरादून से कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चम्पावत, बागेश्वर, चमोली, रूद्रप्रयाग एवं उत्तरकाशी में औषधालयों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ अपना जन्मदिन भी मनाया। उन्होंने श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के बच्चों व आश्रितों को शिक्षा प्रदान करने हेतु दो मोबाइल लर्निंग स्कूल बसों का फ्लैग ऑफ भी किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर श्रमिकों की पुत्रियों को विवाह उपरांत आर्थिक सहायता के चेक भी प्रदान किये। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार, श्रमिकों के बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अच्छी शिक्षा प्रदान करने के साथ ही बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की स्थिति को मजबूत बनाने के लिए श्रम कानूनों में अनेक बदलाव किए हैं। अब राज्य के सभी 13 जनपदों में कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत औषधालय बनाये जा चुके हैं।
Leave a Reply