उत्तराखण्ड होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित रैतिक परेड में मुख्यमंत्री ने किया प्रतिभाग, राज्य में कानून व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में होमगार्ड जवानों का योगदान सराहनीय: पुष्कर सिंह धामी


देहरादून 6 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तराखण्ड होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित रैतिक परेड में शामिल होकर रैतिक परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि हमारे जवान राष्ट्रसेवा का अद्वितीय उदाहरण है।

उन्होंने रैतिक परेड में जवानों द्वारा मोटरबाईक पर साहस, कौशल एवं सन्तुलन के प्रदर्शन की सराहना करते हुये कहा कि सभी जवान हमारे सहयोगी हैं और विभिन्न नागरिक सेवाओं में अपना सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में उनका योगदान सराहनीय है। होमगार्ड्स के जवानों को कड़ी धूप सहित बरसात और कड़कड़ाती ठंड में यातायात एवं नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को नियंत्रित करते हुए हमने देखा है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि होमगार्ड्स विभाग में शस्त्र प्रशिक्षण प्रदान किये जाने हेतु ‘इण्डोर फायरिंग रेंज’ प्रेमनगर में उपलब्ध विभागीय भूमि पर बनाया जाएगा। होमगार्ड्स स्वयंसेवकों की कम्पनी कार्यालय/ट्रांजिट कैम्प/इमरजेन्सी सर्च एवं रेस्क्यू सेंटर हेतु भवन निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सभी होमगार्ड्स स्वयंसेवकों हेतु पूरे सेवाकाल में छः माह के चिकित्सा अवकाश की भी संस्तुति की गई है। राज्य में प्रथम बार महिला एवं पुरूष होमगार्ड्स को आत्मरक्षा हेतु विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। इसी वर्ष होमगार्ड द्वारा विभागीय बैंड ‘‘मस्का बाजा’’ की भी स्थापना की गई जो एक सराहनीय प्रयास है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल में ही राज्य में 330 महिला होमगार्ड जवानों की भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, प्रशिक्षण के बाद वे जल्द ही संगठन में अपना योगदान देंगी। अब 300 पुरुष होमगार्ड जवानों की भर्ती की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *