ऋषिकेश 20 फरवरी। तीर्थनगरी ऋषिकेश के रामा पैलेस सिनेमा में शुक्रवार से चर्चित फिल्म ‘गोदान’ का सात दिवसीय विशेष प्रदर्शन प्रारंभ हो गया। प्रथम दिवस के उद्घाटन सत्र में आवास विकास विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया। थिएटर की 606 दर्शकों की पूर्ण क्षमता के साथ हॉल खचाखच भरा रहा।
उद्घाटन सत्र में विद्यालय प्रबंधन एवं सिनेमा प्रबंधन की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया।इस मौके पर विद्यार्थियों ने फिल्म के साहित्यिक और सामाजिक महत्व पर संक्षिप्त विचार भी व्यक्त किए।
आयोजकों ने बताया कि ‘गोदान’ भारतीय समाज की जड़ों से जुड़ी ऐसी कहानी है, जो आज भी प्रासंगिक है और नई पीढ़ी को सामाजिक संवेदनाओं से जोड़ने का कार्य करती है।
इस मौके पर दीपक तायल ने बताया कि ‘गोदान’ फिल्म का लक्ष्य भारतीय संस्कृति, पंचगव्य परंपरा, गौ-माता के प्रति सम्मान तथा पारिवारिक और सामाजिक मूल्यों को उजागर करना है। यह फिल्म पारंपरिक जीवन के साथ आधुनिक विज्ञान के बीच संतुलन और सतत जीवन-शैली को बढ़ावा देती है, जिससे दर्शकों में सांस्कृतिक जागरूकता और सामाजिक सोच को प्रोत्साहन मिलता है।
फिल्म के प्रदर्शन के दौरान दर्शकों ने पूरी तन्मयता से कथा को देखा। ग्रामीण परिवेश, सामाजिक विषमताओं और मानवीय मूल्यों पर आधारित कथानक ने विद्यार्थियों को गहराई से प्रभावित किया। कई छात्र-छात्राओं ने कहा कि पुस्तक में पढ़ी गई कहानी को बड़े पर्दे पर जीवंत रूप में देखना उनके लिए एक विशेष अनुभव रहा। अभिभावकों और शिक्षकों ने भी फिल्म की प्रस्तुति और संदेश की सराहना की।
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से विद्यार्थियों में साहित्य के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें पाठ्यक्रम से जुड़ी सामग्री को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलता है।
वहीं सिनेमा प्रबंधन ने जानकारी दी कि ‘गोदान’ का यह विशेष शो लगातार सात दिनों तक प्रतिदिन निर्धारित समय पर प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक दर्शक इसका लाभ उठा सकें।
इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि कि आगामी दिनों में भी दर्शकों की इसी प्रकार उत्साहजनक उपस्थिति बनी रहेगी और यह सात दिवसीय गोदान फिल्म का प्रदर्शन ऋषिकेश के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक उल्लेखनीय पहल सिद्ध होगी।














Leave a Reply