हरिद्वार 07 मार्च । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हरिद्वार में आयोजित “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के अवसर पर उत्तराखंड के विकास से जुड़ी कुल ₹1129.91 करोड़ की 39 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान ₹1014.81 करोड़ की 22 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹115.10 करोड़ की 17 योजनाओं का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। अमित शाह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा आपदा प्रबंधन को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश के विभिन्न जिलों में पुलिस, कारागार, सहकारिता, आपदा प्रबंधन और शहरी विकास से जुड़ी सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा तथा लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के अंतर्गत ₹14 करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना के तहत टीएमआर प्लांट का लोकार्पण किया गया।
गृह (पुलिस) विभाग के तहत देहरादून पुलिस लाइन में ₹18.17 करोड़ की लागत से निर्मित 46 आवासीय भवनों का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा पौड़ी गढ़वाल में पुलिस लाइन के बहुउद्देशीय भवन और उत्तरकाशी के थाना धरासू के प्रशासनिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।
इसी क्रम में पौड़ी गढ़वाल के थाना लक्ष्मणझूला और लैंसडाउन तथा उत्तरकाशी के थाना धरासू में कुल 18 आवासीय भवनों, टिहरी गढ़वाल के पीटीसी नरेंद्रनगर में एकेडमिक ब्लॉक व राजपत्रित छात्रावास, तथा नैनीताल के चोरगलिया और काठगोदाम तथा टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर व मुनि की रेती में 48 टाइप-2 आवासों का लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा देहरादून के आईआरबी द्वितीय में आरटीसी हेतु प्रशासनिक भवन, अल्मोड़ा के रानीखेत और द्वाराहाट तथा बागेश्वर के कपकोट में 18 आवासीय भवन, और चम्पावत, टनकपुर व लोहाघाट में 18 टाइप-2 आवासीय भवनों का भी उद्घाटन किया गया।
कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग के अंतर्गत हरिद्वार जिला कारागार में आवासीय भवन, 50 बंदी क्षमता की हाई सिक्योरिटी बैरक, तथा देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और हल्द्वानी की जेलों में वीसी क्यूबिकल्स का लोकार्पण किया गया।
इसके अतिरिक्त टिहरी गढ़वाल और पिथौरागढ़ में होमगार्ड्स जिला कमांडेंट कार्यालय के नए भवनों का भी लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के अंतर्गत ₹20 करोड़ की लागत से सहकारी समितियों के निबंधक कार्यालय के मुख्यालय भवन का शिलान्यास किया गया।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के तहत विश्व बैंक पोषित योजनाओं के अंतर्गत अल्मोड़ा में कोसी नदी पर मोटर सेतु, चमोली में अलकनंदा नदी पर मोटर पुल, तथा ज्योतिर्मठ में ड्रेनेज से जुड़े कार्यों का शिलान्यास किया गया।
इनमें सबसे बड़ी परियोजना ₹516.98 करोड़ की लागत से ज्योतिर्मठ के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में स्लोप स्टेबलाइजेशन की है, जिससे क्षेत्र में भू-धंसाव और भूस्खलन की समस्या को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
गृह (पुलिस) विभाग के तहत देहरादून पुलिस लाइन में 360 आवासीय भवनों तथा आईआरबी द्वितीय में 120 आवासीय भवनों के निर्माण का शिलान्यास किया गया।
इसके अलावा हरिद्वार में अभियोजन विभाग के जनपदीय कार्यालय भवन और सदर मालखाना, सितारगंज के केंद्रीय कारागार में अतिरिक्त आवासीय भवन, अल्मोड़ा जिला कारागार में आवासीय भवन, तथा रुड़की उप कारागार में ट्यूबवेल, ओवरहेड टैंक और अतिरिक्त आवासीय भवनों के निर्माण की भी आधारशिला रखी गई।
कारागार विभाग के अंतर्गत हरिद्वार जिला कारागार में नई बैरकों का निर्माण, महिला बैरक, तथा अतिरिक्त आवासीय भवनों के निर्माण का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही चमोली, पिथौरागढ़ और पौड़ी गढ़वाल की जेलों में वीसी हॉल और साउंडप्रूफ वीसी क्यूबिकल्स के निर्माण कार्यों की भी शुरुआत की गई।
होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के अंतर्गत चम्पावत और उत्तरकाशी में जिला कमांडेंट कार्यालय भवनों के निर्माण का शिलान्यास किया गया।
इसके अलावा नियोजन (UIIDB) विभाग के अंतर्गत हरिद्वार गंगा कॉरिडोर परियोजना के तहत रोड़ीबेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास (Administrative Road Corridor Development) तथा सतीकुंड पुनर्विकास परियोजना के निर्माण कार्यों की भी आधारशिला रखी गई।
इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि इन परियोजनाओं से उत्तराखंड में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी और राज्य के विकास को नई गति मिलेगी।











Leave a Reply