मुनि की रेती में 16 से 22 मार्च तक होगा अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव, भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी


ऋषिकेश 12 मार्च। मुनि की रेती में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव-2026 को इस वर्ष और अधिक भव्य व दिव्य बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि 16 मार्च से 22 मार्च तक आयोजित होने वाले इस सप्ताहव्यापी योग महोत्सव में देश-विदेश के योग साधक, संत-महात्मा और पर्यटक भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 16 मार्च को प्रातः 10 बजे उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
प्रबंध निदेशक जैन ने कहा कि एक सप्ताह तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन योग, प्राणायाम और योग दर्शन के विभिन्न आयामों पर विशेषज्ञ योगाचार्य योग साधकों को मार्गदर्शन देंगे और अपने अनुभव साझा करेंगे। इस बार महोत्सव के दौरान पर्यटकों और योग साधकों को महर्षि महेश योगी आश्रम (स्वर्गाश्रम) में भी विशेष योग कक्षा आयोजित कराई जाएगी, ताकि इस ऐतिहासिक स्थल को हेरिटेज के रूप में और अधिक लोकप्रिय बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के सातों दिन अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान होंगे, जिनमें प्रतिभागी अपनी जिज्ञासाएं भी साझा कर सकेंगे। शाम को नियमित गंगा आरती के बाद भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
सांस्कृतिक संध्याओं में प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा, उत्तराखण्ड के सुप्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी सहित विभिन्न सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा इस्कॉन के कलाकारों द्वारा भक्तिमय कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे योग और अध्यात्म के साथ भक्ति का वातावरण बनेगा।
योग महोत्सव के दौरान एक क्रॉस-कंट्री दौड़ का भी आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ गंगा रिजॉर्ट से शुरू होकर रामझूला, मरीन ड्राइव, स्वर्गाश्रम और जानकी सेतु होते हुए पुनः गंगा रिजॉर्ट पर समाप्त होगी। आयोजन में अब तक लगभग 25 योग संस्थानों से संपर्क किया गया है और उनके योग साधकों के शामिल होने का आश्वासन प्राप्त हुआ है।
महोत्सव में कई प्रतिष्ठित योगाचार्य और आध्यात्मिक गुरुओं के शामिल होने की संभावना है। इनमें श्री श्री रविशंकर, पतंजलि योगपीठ, गायत्री परिवार सहित विभिन्न संस्थाओं के विशेषज्ञ योग, अध्यात्म और जीवनशैली से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखेंगे।

प्रतीक जैन ने कहा कि इस बार योग महोत्सव में स्थानीय जनभागीदारी को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है और लोगों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गढ़वाल मंडल विकास निगम जल्द ही देहरादून में नियमित योग और प्राणायाम कक्षाएं शुरू करने पर भी अंतिम निर्णय ले सकता है।
अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का समापन 22 मार्च को उत्तराखण्ड के राज्यपाल की उपस्थिति में किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में महाप्रबंधक प्रशासन लक्ष्मी राज चौहान, उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, कंपनी सचिव कनिका आनंद सहित निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *