Advertisement

नशे की लत पूरी करने के लिए महिन्द्रा मैक्स गाड़ी करी चोरी, वाहन बरामदगी के साथ आरोपी हुआ गिरफ्तार,


ऋषिकेश 16 मार्च। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने चोरी गए वाहन का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 9 लाख रुपये कीमत की मैक्स महिन्द्रा वाहन बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 15 मार्च 2026 को ऋषिकेश निवासी नरेंद्र सिंह नेगी ने अपनी मैक्स महिन्द्रा वाहन संख्या UK07TC1050 चोरी होने की सूचना कोतवाली ऋषिकेश में दी थी। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी किया गया वाहन नजीबाबाद की ओर जाते हुए देखा गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नजीबाबाद क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। तलाश के दौरान चिड़ियापुर से आगे हरिद्वार की ओर सड़क किनारे एक संदिग्ध मैक्स वाहन खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन की जांच की तो अंदर एक व्यक्ति ड्राइवर सीट पर लेटा हुआ मिला।
पुलिस ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सागर थापा (23) निवासी नवोदय नगर, रोशनाबाद थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार बताया। वाहन के इंजन और चेसिस नंबर की जांच करने पर वह चोरी हुए वाहन से मेल खाता पाया गया। वाहन स्वामी ने भी मौके पर वाहन की पहचान कर ली।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से चोरी की मैक्स महिन्द्रा वाहन बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए 14/15 मार्च की रात शिवाजी नगर क्षेत्र से वाहन चोरी किया था। वह इसे बेचने के लिए बिजनौर ले जा रहा था।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कैलाशचन्द्र भट्ट, वरिष्ठ उप निरीक्षक भरत सिंह रावत, उप निरीक्षक देवेन्द्र सिंह पंवार, उप निरीक्षक राजकुमार, कांस्टेबल विनीत कुमार, मनोज नेगी और सुनील कुमार शामिल रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *