ऋषिकेश 18 मार्च। चार धाम यात्रा 2026 के सुव्यवस्थित संचालन एवं कार्यालय स्तर पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के क्रम में परिवहन विभाग ने ऋषिकेश क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एआरटीओ प्रशासन रावत सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत, प्रधान सहायक दीपक पांडेय एवं प्रवर्तन टीम ने टूर एंड ट्रैवल्स तथा ट्रैवल एजेंटों के प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विभाग द्वारा जारी लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। अभियान के तहत कुल 25 टूर एंड ट्रैवल्स प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें से 15 प्रतिष्ठान वैध पाए गए। वहीं 3 प्रतिष्ठानों की वैधता समाप्त हो चुकी थी, हालांकि संबंधित संचालकों द्वारा नवीनीकरण के लिए प्राधिकरण में आवेदन किया गया है।
चेकिंग के दौरान 7 टूर एंड ट्रैवल्स प्रतिष्ठान बिना लाइसेंस के संचालित पाए गए। ऐसे संचालकों को अधिकारियों ने सख्त निर्देश देते हुए सात दिनों के भीतर प्राधिकरण के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करने को कहा है। निर्धारित समय सीमा में अनुपालन न करने पर स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस की मौजूदगी में प्रतिष्ठानों को सीज करने की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा, अभियान के तहत क्षेत्र में संचालित बाइक रेंटल प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। जांच में लगभग 8 बाइक रेंटल प्रतिष्ठान बिना लाइसेंस के संचालित पाए गए। संबंधित संचालकों को भी एक सप्ताह के भीतर लाइसेंस के लिए आवेदन करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा उनके प्रतिष्ठानों को सीज किया जाएगा।
विभाग द्वारा बिना वैध प्रपत्रों के संचालित प्रतिष्ठानों को कार्यालय स्तर पर लिखित नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के मद्देनजर इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
चारधाम यात्रा 2026 से पहले ऋषिकेश में सख्त जांच अभियान, बिना लाइसेंस संचालित टूर-ट्रैवल्स व बाइक रेंटल पर कार्रवाई के निर्देश












Leave a Reply