लोकभवन में शपथ ग्रहण: पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल का विस्तार, 5 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ


देहरादून, 20 मार्च।उत्तराखण्ड की राजनीति में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार किया गया। राजभवन स्थित लोकभवन में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल) ने नवनियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह के दौरान विधायक खजान दास, मदन कौशिक, भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बत्रा तथा राम सिंह कैड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के साथ ही धामी सरकार ने प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टि से अपने मंत्रिमंडल को और मजबूत करने का संकेत दिया है।
इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, गणेश जोशी एवं सौरभ बहुगुणा सहित अनेक वरिष्ठ नेता समारोह में मौजूद रहे।
सांसद महेन्द्र भट्ट और नरेश बंसल सहित कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन द्वारा किया गया।

मंत्रिमंडल विस्तार को आगामी राजनीतिक और प्रशासनिक चुनौतियों के मद्देनज़र अहम माना जा रहा है। नए मंत्रियों को शामिल कर सरकार ने क्षेत्रीय संतुलन, संगठनात्मक अनुभव और प्रशासनिक दक्षता को साधने की कोशिश की है। इससे राज्य में विकास कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *