ऋषिकेश में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन: 1.34 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, 54 टेट्रा पैक अवैध शराब भी बरामद


ऋषिकेश, 22 मार्च 2026। जनपद देहरादून के कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है, वहीं अवैध देशी शराब की भी बड़ी खेप बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
1.34 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
पुलिस टीम द्वारा 21 मार्च 2026 को चेकिंग के दौरान मंशा देवी पुलिया, श्यामपुर क्षेत्र से एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामअवतार (48 वर्ष) पुत्र महेसर साहनी निवासी गुमानीवाला, श्यामपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 1 किलो 340 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह बिहार से गांजा लाकर ऋषिकेश क्षेत्र में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।
54 टेट्रा पैक अवैध शराब बरामद
इसी अभियान के तहत पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में आईडीपीएल स्थित हाकी ग्राउंड क्षेत्र से करतार सिंह (55 वर्ष) निवासी लक्कड़ घाट को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 54 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की गई।
अभियुक्त के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
ऋषिकेश पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग और दबिश अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *