देहरादून, 23 मार्च। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित ‘4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए राज्य की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार वर्ष पूर्व जनता ने उन्हें पुनः राज्य की सेवा का अवसर दिया था और उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड के गौरव को पुनर्स्थापित करने का संकल्प लिया था। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संकल्प तेजी से सिद्धि की ओर अग्रसर है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ₹401.86 करोड़ की लागत से कुल 74 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें ₹99.44 करोड़ की 33 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹302.42 करोड़ की 41 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2021 में केदारनाथ से दिया गया संदेश—“21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा”—प्रदेश सरकार के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत है। इसी संकल्प के साथ सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है, जबकि पिछले एक वर्ष में जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत वृद्धि हुई है। राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर करीब 1700 हो गई है। साथ ही 2.65 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखण्ड को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में ‘अचीवर्स’ तथा स्टार्टअप रैंकिंग में ‘लीडर्स’ श्रेणी हासिल हुई है। साथ ही इंडिया इनोवेशन इंडेक्स में हिमालयी राज्यों में दूसरा स्थान मिला है। राज्य को लगातार ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ का दर्जा भी मिल रहा है।
उन्होंने देहरादून को आधुनिक शहर बनाने की दिशा में चल रहे लगभग 1400 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में घोषणाओं तक सीमित रहने के बजाय योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर लोकार्पण किया जा रहा है।
युवाओं के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि नकल और पेपर लीक पर रोक लगाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है और 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई करते हुए बड़े आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। साथ ही 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है और ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत ठगी करने वालों पर कार्रवाई की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता लागू कर सभी नागरिकों के लिए समान व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जुलाई से प्रदेश के सभी मदरसों में सरकारी बोर्ड से मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने कनक चौक से परेड ग्राउंड तक रोड शो किया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
चार साल बेमिसाल कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 74 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, उत्तराखण्ड के गौरव को पुनर्स्थापित करने का संकल्प तेजी से सिद्धि की ओर अग्रसर : पुष्कर सिंह धामी












Leave a Reply