ऋषिकेश में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, चार गिरफ्तार; 124 टेट्रा पैक देशी व 30 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद


ऋषिकेश 25 मार्च। नगर को नशामुक्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ  कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने विभिन्न स्थानों से कुल 124 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब और 30 पव्वे अंग्रेजी शराब (इम्पीरियल ब्लू) बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत चार अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

कोतवाली ऋषिकेश पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध अभियान के तहत क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में गठित पुलिस टीमों ने नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों—काली कमली आश्रम गेट, गोविंद नगर झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र, रुषा फार्म और मायाकुंड—में दबिश देकर अवैध शराब तस्करी में लिप्त चार लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गोविंद नगर झुग्गी-झोपड़ी निवासी ललित कश्यप (20 वर्ष) के कब्जे से 30 पव्वे अंग्रेजी शराब इम्पीरियल ब्लू बरामद की गई। वहीं मायाकुंड स्थित बंगाली बस्ती की निवासी माया (45 वर्ष) के पास से 44 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद हुई।

इसी तरह रुषा फार्म क्षेत्र से पन्ना लाल कुमार (25 वर्ष), मूल निवासी जिला चम्पारण, बिहार, के कब्जे से 50 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की गई। एक अन्य आरोपी मुकेश कुमार (40 वर्ष), निवासी शिवाजी नगर ऋषिकेश, को 30 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब स्कूटी से परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी की बिना नंबर की एवेनीस स्कूटी भी कब्जे में ले ली है।
चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब, चरस, स्मैक और गांजा जैसे नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
ऋषिकेश पुलिस का कहना है कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *