ऋषिकेश में अय्याशी का अड्डा बने होटल नवरंग में बड़े पैमाने पर जुए खिलाने के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही न होने से आईडीपीएल चौकी प्रभारी समेत समस्त पुलिसकर्मी हुए निलंबित
ऋषिकेश 28 मार्च। देहरादून पुलिस कप्तान ने अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है।ऋषिकेश में अय्याशी का अड्डा बने होटल नवरंग में बड़े पैमाने पर जुए खिलाने के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही न होने से आईडीपीएल चौकी प्रभारी समेत समस्त पुलिसकर्मी निलंबित कर दिए गए है।

ऋषिकेश क्षेत्र के हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी की, जिसमें कई लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया। वहीं, क्षेत्र में चेकिंग और सत्यापन अभियान में शिथिलता पाए जाने पर आईडीपीएल चौकी के प्रभारी समेत 12 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसी बीच 27 मार्च की रात एसएसपी को ऋषिकेश क्षेत्र में एक होटल में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की गोपनीय सूचना मिली।
सूचना के आधार पर एसएसपी ने तत्काल क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश को कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली ऋषिकेश की पुलिस टीम ने हरिद्वार रोड स्थित मुर्गी फार्म के पास होटल नवरंग में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके से जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री, नगद धनराशि और विभिन्न ब्रांडों की शराब की बोतलें बरामद की गईं। साथ ही काफी संख्या में लोगों को जुआ खेलते हुए मौके से गिरफ्तार किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि चौकी स्तर पर चेकिंग और सत्यापन अभियान में लापरवाही बरती जा रही थी, जिसके कारण क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून ने आईडीपीएल चौकी पर तैनात पूरे स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
एसएसपी ने आईडीपीएल चौकी प्रभारी समेत कुल 12 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पुलिस कप्तान की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












Leave a Reply