Advertisement

मसूरी रोड पर फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो कार सवारों के विवाद में चली गोली, मॉर्निंग वॉक पर निकले ब्रिगेडियर की मौत, पुलिस ने पूरे जिले में नाकेबंदी कर शुरू की तलाश


देहरादून 30 मार्च   मसूरी रोड पर सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब दो कार सवारों के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोली की चपेट में आकर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति जो कि रिटायर्ड ब्रिगेडियर बताये जा रहे हैं की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस ने पूरे जनपद में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सोमवार 30 मार्च 2026 को मालसी क्षेत्र, मसूरी रोड पर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और स्कॉर्पियो N कार के बीच गाड़ी को पास न देने को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों में सवार लोगों के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गई।

इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति जोकि ब्रिगेडियर बताएं गए है दुर्घटनावश उन्हें गोली लग गई। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि फायरिंग करने वाले कार सवारों की पहचान की जा सके।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों और बाहरी सीमाओं पर पुलिस टीमों को अलर्ट कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और फरार कार सवारों की तलाश लगातार जारी है। वहीं मृतक व्यक्ति की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
इस घटना के बाद मसूरी रोड क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना पर चिंता जताई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *