मुख्यमंत्री ने किया कई विकास कार्यों का शिलान्यास ,देहरादून को आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए 1400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं पर चल रहा कार्य : पुष्कर सिंह धामी 


देहरादून 3 अप्रैल। ख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नगर निगम देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन के तहत 2 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की लागत से जुगमन्दर हॉल के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर केदारपुरम स्थित एबीसी सेंटर में कैनालों के निर्माण तथा नगर निगम क्षेत्र के छह स्थानों पर पार्कों के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी और विरासत भी” की अवधारणा को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रही है। देहरादून अपनी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और धरोहर को संजोते हुए तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि तेजी से हो रहे विकास के साथ अपनी संस्कृति और पहचान को सुरक्षित रखना भी सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के शहरी क्षेत्रों को सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से शहरों और कस्बों में स्वच्छता की नई संस्कृति विकसित हुई है। अमृत योजना के तहत जल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था और हरित क्षेत्रों के विकास के लिए व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। वहीं स्मार्ट सिटी मिशन के माध्यम से शहरों को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए लाखों गरीब परिवारों का अपने घर का सपना पूरा हुआ है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने के लिए नगर निगम के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून को आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए 1400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण किया गया है तथा कूड़ा वाहनों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। शहर में 35 पार्कों का निर्माण कराया गया है, जबकि केदारपुरम में योगा थीम पर आधारित सबसे बड़ा पार्क विकसित किया गया है।
उन्होंने बताया कि वीर बलिदानियों की स्मृति में विशेष स्मृति पार्कों के माध्यम से 50 हजार वर्ग मीटर से अधिक हरित क्षेत्र विकसित किया गया है। जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जलभराव वाले स्थानों पर रिचार्ज पिट बनाए जा रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए शहर में 30 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है और निजी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 11 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए गए हैं। नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून को देशभर में 19वां स्थान प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का शुभारंभ करेंगे, जिससे आवागमन और तेज होगा। संभावित चुनौतियों को देखते हुए सरकार पार्किंग, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने बताया कि शहर में ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड निर्माण की योजना तैयार की जा रही है। पिछले एक वर्ष में नगर निगम देहरादून द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि निगम ने राजस्व संग्रहण को 52 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 73 करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया है, जिससे लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए वाहनों की संख्या भी 200 से बढ़कर लगभग 300 हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण नहीं होने देना राज्य सरकार का स्पष्ट संकल्प है। सरकारी और निगम की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करना नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से इस दिशा में सक्रिय कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राम सिंह कैड़ा, खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सहदेव सिंह पुंडीर, नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *