दिव्यांग बच्चों के लिए ‘होप फॉर हॉपलेस’ नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित, 103 मरीजों का हुआ पंजीकरण


ऋषिकेश, 5 अप्रैल। प्रेडिक्टिव होमियोपैथी एवं कैलाश आश्रम ऋषिकेश के संयुक्त सौजन्य से मानसिक एवं शारीरिक रूप से दिव्यांग बच्चों के लिए सप्तम नि:शुल्क “होप फॉर हॉपलेस” चिकित्सा शिविर का आयोजन रविवार को भक्त निवास, कैलाश आश्रम, मुनि की रेती, ऋषिकेश में किया गया। शिविर में विभिन्न गंभीर एवं जटिल रोगों से पीड़ित बच्चों की जांच कर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परामर्श और उपचार प्रदान किया।

शिविर में सेरेब्रल पाल्सी, ऑटिज्म, डाउन सिंड्रोम, हृदय में छेद सहित अन्य जटिल और लाइलाज समझे जाने वाले रोगों से पीड़ित बच्चों को देखा गया। देश के विभिन्न हिस्सों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों का परीक्षण कर उनके अभिभावकों को उपचार संबंधी विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

यह शिविर प्रेडिक्टिव होमियोपैथी मुंबई के विश्व प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अंबरीश विजयकर के नेतृत्व में आयोजित किया गया। आयोजकों ने बताया कि इससे पूर्व आयोजित किए गए छह शिविरों में भी बड़ी संख्या में मरीजों ने भाग लिया था और उनमें से कई बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति में उत्साहवर्धक सुधार देखने को मिला है।
इस बार के शिविर में कुल 103 मरीजों का पंजीकरण किया गया, जिनका चिकित्सकीय परीक्षण कर आगे के उपचार की योजना बनाई गई। शिविर में बच्चों और उनके अभिभावकों को नि:शुल्क परामर्श एवं दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर चिकित्सकों की टीम में डॉ. अवधेश, डॉ. एस.बी. चौहान, डॉ. अश्विनी, डॉ. आर.जे. पाल, डॉ. धनंजय, डॉ. जितेंद्र, डॉ. रवि, डॉ. आर.एल. सिंह, डॉ. बच्चन सहित एससीपीसीआर के सचिव डॉ. एस.के. बरनवाल भी उपस्थित रहे।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों और उनके परिवारों को विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह उपलब्ध कराना और उनके जीवन को बेहतर बनाने में सहयोग देना है। साथ ही भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन जारी रखने की बात कही गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *