ऋषिकेश, 10 अप्रैल। आगामी चारधाम यात्रा 2026 को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने ऋषिकेश में नटराज चौक से योगनगरी रेलवे स्टेशन तक मार्ग पर व्यापक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। प्रशासन की इस कार्रवाई से मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अभियान के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए अस्थायी और स्थायी अतिक्रमणों को हटाया। टीम ने सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, खोखे, अस्थायी दुकानें, अवैध निर्माण तथा अन्य बाधाओं को हटाते हुए पूरे मार्ग को यातायात के लिए साफ कराया।
अधिकारियों ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान ऋषिकेश से होकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और वाहन गुजरते हैं। ऐसे में मार्ग पर अतिक्रमण होने से जाम की स्थिति बनती है और आपातकालीन सेवाओं के संचालन में भी बाधा उत्पन्न होती है। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें स्वेच्छा से अतिक्रमण न करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग करने की अपील भी की।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते हुए दोबारा अतिक्रमण करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन और व्यापारियों से अपील की है कि वे सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें तथा प्रशासन का सहयोग करें, ताकि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुचारू और सफल बनाया जा सके।
चारधाम यात्रा की तैयारी को लेकर नटराज चौक से योगनगरी तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान












Leave a Reply