देहरादून, 11 अप्रैल। देहरादून शहर को जाम से मुक्त रखने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री कार्यक्रम के दृष्टिगत जिलाधिकारी सविन बंसल ने लच्छीवाला टोल प्लाजा और आशारोड़ी बैरियर को निर्धारित समय के लिए टोल मुक्त रखने के आदेश जारी किए हैं।
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल को प्रातः 5:00 बजे से सायं 8:00 बजे तक लच्छीवाला टोल प्लाजा और आशारोड़ी बैरियर से गुजरने वाले सभी वाहनों—चाहे वे निजी हों या व्यावसायिक—से किसी भी प्रकार का टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। इस दौरान फास्टैग के माध्यम से भी कोई शुल्क नहीं काटा जाएगा।
यह निर्णय देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण एवं गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह ग्राउंड में आयोजित प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। कार्यक्रम में प्रदेश सहित सीमावर्ती और पर्वतीय जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिससे शहर में वाहनों का दबाव बढ़ सकता है।
जिलाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है, ताकि टोल प्लाजा पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और शहर के भीतर यातायात सुचारू बना रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में सभी वाहनों को निर्बाध और नि:शुल्क आवागमन की सुविधा दी जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित रूट प्लान का सहयोग करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
14 अप्रैल को लच्छीवाला ,आशा रोडी टोल प्लाजा रहेंगे पूरी तरह नि:शुल्क, पीएम कार्यक्रम के चलते देहरादून में ट्रैफिक व्यवस्था सख्त,












Leave a Reply