ऋषिकेश, 15 अप्रैल ।उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर होने जा रहा है। यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैम्प में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रांजिट कैम्प ऋषिकेश में 24 तथा आईएसबीटी में 6 पंजीकरण काउंटर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 30 मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं, जिनमें 25 टीमें दिन में और 5 टीमें रात्रि से सुबह तक होटल, धर्मशालाओं और सरायों में ठहरे यात्रियों का पंजीकरण करेंगी। विभिन्न धर्मशालाओं, आश्रमों और सरायों में लगभग 7100 बेड चिन्हित किए गए हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रांजिट कैम्प में एक इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय रखा जाए, जिसमें सभी विभागों के कार्मिक तैनात रहें। साथ ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अलग-अलग कंट्रोल रूम भी संचालित होंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए एक अलग यात्री सहायता केंद्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने यात्रियों के लिए ट्रांजिट कैम्प में निःशुल्क चाय-नाश्ता और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इस कार्य में स्वयं सहायता समूहों एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी प्रशासन गंभीर है। ट्रांजिट कैम्प ऋषिकेश एवं हरबर्टपुर में 24×7 मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अनुसार कुल 6 मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं, जिनमें 3 टीमें ऋषिकेश और 3 हरबर्टपुर में सेवाएं देंगी।
यात्रा मार्गों पर मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए जिलाधिकारी ने जल संस्थान को सभी पड़ावों पर पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बैरियरों पर मोबाइल शौचालय, टेंट एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।
सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने नगर निगम ऋषिकेश को जिला योजना से मौके पर ही 50 लाख रुपये स्वीकृत किए। उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई, फॉगिंग और कूड़ा निस्तारण के लिए पर्याप्त कार्मिक तैनात किए जाएं। साथ ही ट्रांजिट कैम्प में सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाली अनुबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त, पेयजल लाइन बिछाने के कार्य में लापरवाही बरतने पर उत्तराखंड पेयजल निगम की कार्य अनुमति निरस्त कर दी गई है। जिलाधिकारी ने 19 अप्रैल से पहले सभी खुदी सड़कों को दुरुस्त कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को भी यात्रा मार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट को समयबद्ध तरीके से ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी, नगर आयुक्त गोपालराम बिनवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन द्वारा की जा रही इन व्यापक तैयारियों से इस वर्ष चारधाम यात्रा को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और यात्री अनुकूल बनाने की उम्मीद जताई जा रही
चारधाम यात्रा 2026: ऋषिकेश ट्रांजिट कैम्प में 30 पंजीकरण काउंटर व 30 मोबाइल टीमें तैनात, डीएम के सख्त निर्देश, नगर निगम ऋषिकेश को मौके पर ही 50 लाख रुपये स्वीकृत












Leave a Reply