देहरादून, 26 अप्रैल।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मोथरोवाला, देहरादून में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 133वें संस्करण को सुना। इस दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा किए जा रहे नवाचारों, स्टार्टअप, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और लोक संस्कृति से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से सामने लाते हैं। इससे लोगों को नई ऊर्जा और दिशा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ ने आमजन के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य किया है। देश के दूरदराज क्षेत्रों में हो रहे उत्कृष्ट कार्य अब पूरे देश के सामने आ रहे हैं, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वातावरण बन रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि मेहनत और परिश्रम करने वालों को निश्चित रूप से सफलता मिलती है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान और स्वाभिमान वैश्विक स्तर पर लगातार बढ़ रहा है। भारत आज एक उभरती हुई बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित हो रहा है और विज्ञान, रक्षा तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भी निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अब रक्षा उपकरणों का निर्यात कर आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के साथ-साथ उत्तराखण्ड भी तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। सीमांत क्षेत्रों तक सड़क, रेल और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, जिससे वहां के लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उत्तराखण्ड अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव रहा है। बाबा केदार की पावन भूमि से प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए “21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक” के संकल्प को राज्य सरकार लगातार आगे बढ़ा रही है और इसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की समृद्ध संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में दंगारोधी कानून, धर्मांतरण कानून और नकल विरोधी कानून जैसे सख्त कदम उठाए गए हैं, जो अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन रहे हैं।
इस कार्यक्रम में विधायक श्री विनोद चमोली, दायित्वधारी श्री प्रताप सिंह पंवार, श्रीमती सरिता डंगवाल, श्री मोहित शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मोथरोवाला में ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण,कार्यक्रम देता है नई प्रेरणा: पुष्कर सिंह धामी













Leave a Reply