ऋषिकेश 9 मई। लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र अंतर्गत हिल्टन रैपिड के पास शनिवार शाम गंगा नदी में नहाने के दौरान एक युवक तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में व्यापक सर्च अभियान शुरू किया गया। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज 9 मई को लगभग शाम 4 बजे सूचना मिली कि हिल्टन रैपिड के समीप एक युवक नदी में डूब गया है। सूचना पर तत्काल एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस तथा जल पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। एसडीआरएफ द्वारा डीप डाइवर नदी में उतारे गए और संभावित स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
बताया गया कि डूबने वाला युवक अपने एक साथी के साथ सीताराम आश्रम में कथा सुनने आया हुआ था। कथा के बाद दोनों युवक पास के एक प्रतिबंधित घाट पर नहाने के लिए नदी में चले गए। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से एक युवक बह गया, जबकि उसका साथी सुरक्षित बाहर निकल आया।
डूबने वाले युवक की पहचान हर्षित उपाध्याय पुत्र नंद किशोर, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम सीमा रिस्टना, भीकियासैंण, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है। प्राप्त परिचय पत्र के अनुसार हर्षित श्रीरंगमलक्मी आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, श्रीधाम वृंदावन, जिला मथुरा का छात्र था।
घटनास्थल पर पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम लगातार युवक की खोजबीन में जुटी हुई है।
एसडीआरएफ एवं पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नदी किनारे और रैपिड क्षेत्र में विशेष सावधानी बरतें तथा प्रतिबंधित घाटों पर न जाएं। प्रशासन ने कहा कि गंगा नदी का तेज बहाव कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए सुरक्षा निर्देशों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।
प्रतिबंधित घाट पर नहाने गया संस्कृत छात्र गंगा में बहा, SDRF की डीप डाइविंग टीम चला रही सर्च अभियान













Leave a Reply