Advertisement

16 वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का पुतला फूंका


ऋषिकेश 14 मई। चम्पावत में 16 वर्षीय बालिका के साथ भाजपा मंडल उपाध्यक्ष पर लगे कथित सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों को लेकर बुधवार को एनएसयूआई और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऋषिकेश के कोयल घाटी क्षेत्र में भाजपा सरकार का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरव राणा ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा लगातार खतरे में पड़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सत्ता से जुड़े लोग ही अपराधों में शामिल पाए जाएंगे तो आम जनता न्याय की उम्मीद किससे करेगी। उन्होंने मामले के दोषियों को शीघ्र फांसी की सजा देने की मांग की।

वक्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़े हैं। उनका कहना था कि यदि पूर्व मामलों में सख्त कार्रवाई हुई होती तो आज इस तरह की घटनाएं सामने नहीं आतीं।

युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष रवि थापा और महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार महिला सुरक्षा को लेकर केवल बयानबाजी कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई और युवा कांग्रेस पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे।

नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मामले में जल्द और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो युवा कांग्रेस और एनएसयूआई प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण के कारण अपराधियों के मनोबल बढ़ रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दोषियों को फांसी देने, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने तथा पीड़िता के परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान “बेटी बचाओ, बेटी को न्याय दिलाओ” और “महिला विरोधी सरकार जवाब दो” जैसे नारे लगाए गए।

प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष सनी प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष विशाल स्नेह, पूर्व प्रदेश महासचिव सौरभ वर्मा, पूर्व छात्रसंघ महासचिव माधवेंद्र मिश्र, छात्रसंघ महासचिव अभिषेक कुमार त्रिसूलिया, छात्रसंघ उपाध्यक्ष आयुष तड़ियाल, मानव रावत, शिवानी नेगी, सृष्टि, रेहान बंदोलिया, वेदांग, सुंदर, आशीष, अतुल, रोहित सोनी, सिद्धार्थ सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *