ऋषिकेश, 18 जून। गंगा नदी में पूर्व में डूबे व्यक्तियों की तलाश के लिए राज्य आपदा प्रतिवादन बल एसडीआरएफ का सर्च अभियान लगातार जारी है। टीम द्वारा घटनास्थल से लेकर नदी के किनारे स्थित सभी संभावित क्षेत्रों में सघन खोजबीन की जा रही है।
एसडीआरएफ प्रभारी कविंद्र सजवान ने बताया कि चंद्रेश्वर नगर क्षेत्र में नदी में डूबे दंपति की तलाश के दौरान आज सुबह एक महत्वपूर्ण सफलता मिली। खोज अभियान के दौरान जानकी (28 वर्ष), पत्नी मनीष आर्य, निवासी जय बिहार नगली, उत्तम नगर, दिल्ली का शव पशुलोक बैराज से बरामद किया गया।
एसडीआरएफ टीम ने शव को नदी से बाहर निकालकर पहचान के लिए परिजनों को बुलाया, जहां परिजनों ने शव की पुष्टि जानकी के रूप में की। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए शव को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
एसडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि नदी में लापता अन्य व्यक्तियों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। टीम द्वारा आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों की सहायता से नदी और उससे जुड़े संभावित क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात और तेज बहाव के दौरान नदी किनारे विशेष सावधानी बरतें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। एसडीआरएफ की टीम लापता लोगों की तलाश में लगातार जुटी हुई है।













Leave a Reply