Advertisement

धनगढ़ी नाले पर 29.65 करोड़ की लागत से बने सेतु का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण कुमाऊँ-गढ़वाल के बीच आवागमन होगा सुगम, पर्यटन व व्यापार को मिलेगी नई गति:  पुष्कर सिंह धामी 


रामनगर 06 जुलाई । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-121 (नया एनएच-309) पर धनगढ़ी नाले के ऊपर ₹29.65 करोड़ की लागत से निर्मित 220.90 मीटर लंबे प्री-स्ट्रेस्ड गर्डर सेतु का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक पुल का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग और संघर्ष की सार्थक परिणति है।
काशीपुर-रामनगर-मार्चुला-बुवाखाल मार्ग पर स्थित यह सेतु कुमाऊँ और गढ़वाल मंडलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क माध्यम है। साथ ही यह विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान का प्रमुख प्रवेश द्वार भी है। इस मार्ग से नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत और पौड़ी गढ़वाल सहित विभिन्न जनपदों के लाखों लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के दौरान धनगढ़ी नाले में जलस्तर बढ़ने से यातायात बाधित हो जाता था, जिससे आमजन, पर्यटकों, व्यापारियों और आपातकालीन सेवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। नव निर्मित सेतु के निर्माण से इस समस्या का स्थायी समाधान हो गया है और अब वर्षभर सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात सुनिश्चित होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “सेवा, सुशासन और विकास” के मंत्र पर कार्य करते हुए प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, पुल, रेल, रोपवे, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। सरकार की कार्यसंस्कृति “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि” पर आधारित है, जिसके तहत योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि धनगढ़ी सेतु के निकट लगभग ₹18.43 करोड़ की लागत से निर्मित 175.60 मीटर लंबे पनौद पुल का निर्माण कार्य भी लगभग पूर्ण हो चुका है। पुल पर यातायात संचालित हो रहा है और शीघ्र ही अंतिम कार्य पूरा कर इसे भी जनता को समर्पित किया जाएगा।
उन्होंने रामनगर क्षेत्र के वन खत्तों में निवासरत परिवारों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए बताया कि रामनगर-रानीखेत मोटर मार्ग समेत अन्य प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे जा चुके हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि धनगढ़ी सेतु क्षेत्र के विकास और सुगम यातायात की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने गर्जिया देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने नव निर्मित सेतु का पैदल निरीक्षण भी किया तथा कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की सीमा पर वन्यजीवों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, महेश जीना, प्रमोद नैनवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *