‘पर्यटन के लिए नहीं, अपने लोगों और जनता के लिए उत्तराखंड आया हूं’: खड़गे
भाजपा सरकार पर साधा निशाना, कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्यकर्ताओं से किया आह्वान
रुद्रपुर, 9 अगस्त। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने रविवार को उत्तराखंड प्रवास के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से उनके उत्तराखंड दौरे को लेकर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि वह उत्तराखंड पर्यटन के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और संगठन को मजबूत करने के लिए आए हैं।
खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति हमेशा अपने से वरिष्ठ और विपक्षी नेताओं का सम्मान करने की रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी का उदाहरण देते हुए कहा कि जब वे विपक्ष में रहते हुए कर्नाटक आते थे, तब कांग्रेस के नेता उनका सम्मान करते थे और उनके रहने-खाने की उचित व्यवस्था करते थे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन वरिष्ठ और बुजुर्ग नेताओं का सम्मान अपनी जगह है।
मुख्यमंत्री की टिप्पणी का जवाब देते हुए खड़गे ने कहा कि उनसे पूछा जा रहा है कि वह उत्तराखंड क्यों आए हैं और क्या यहां पर्यटन के लिए आए हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “मैंने पूरी दुनिया का टूर किया है, पूरे हिंदुस्तान का टूर किया है। यहां टूरिज्म के लिए नहीं आया हूं। मैं अपने लोगों के लिए आया हूं, अपनी जनता के लिए आया हूं, छात्रों के लिए आया हूं, कांग्रेस पार्टी को जिंदा रखने के लिए आया हूं और भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए आया हूं।”
खड़गे के इस बयान के बाद उत्तराखंड की राजनीति में सियासी सरगर्मी तेज होने के संकेत हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी को आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना होगा और कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए लगातार जमीन पर सक्रिय रहना होगा। उनके संबोधन में आगामी राजनीतिक संघर्ष की तैयारी और प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने का संदेश स्पष्ट तौर पर दिखाई दिया।
खड़गे के उत्तराखंड दौरे को कांग्रेस की ओर से संगठन को सक्रिय करने और जनता के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।













Leave a Reply