साईं भक्ति के रंग में रंगेगी तीर्थनगरी, 27 और 28 नवंबर को सजेगा भव्य महोत्सव का दरबार   26 वे वार्षिक महोत्सव की तैयारियां शुरू, निमंत्रण पत्र का हुआ विधिवत विमोचन, 


ऋषिकेश, 16 नवंबर। तीर्थनगरी ऋषिकेश स्थित श्री शिरडी साईं धाम का 26वां वार्षिक साईं महोत्सव आगामी 27 और 28 नवंबर को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। दो दिवसीय इस धार्मिक महोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए मंदिर समिति की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

महोत्सव के आयोजन को लेकर सोमवार को श्री शिरडी साईं धाम परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वार्षिक महोत्सव के निमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन किया गया।

इस अवसर पर श्री शिरडी साईं धाम के अध्यक्ष अशोक थापा ने कहा कि संस्था की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला वार्षिक साईं महोत्सव श्रद्धालुओं की आस्था और बाबा के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक है। इस वर्ष महोत्सव का 26वां आयोजन किया जा रहा है। पिछले 25 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इस धार्मिक उत्सव को इस बार भी पूरी श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव के माध्यम से साईं भक्तों को एक साथ आकर बाबा की आराधना करने और आध्यात्मिक वातावरण में सहभागी बनने का अवसर मिलता है।

उन्होंने बताया कि 27 एवं 28 नवंबर को आयोजित होने वाले दो दिवसीय महोत्सव में साईं बाबा की पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर समिति के पदाधिकारी और सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। महोत्सव में ऋषिकेश सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साईं भक्तों के पहुंचने की संभावना है।

निमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर आयोजकों ने समस्त साईं भक्तों, श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों से महोत्सव में सपरिवार शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु आयोजन में पहुंचकर साईं बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करें और अपनी सहभागिता से महोत्सव की शोभा बढ़ाएं।
इस मौके पर श्री शिरडी साईं धाम समिति के समस्त पदाधिकारी, सदस्य, साईं भक्त एवं शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *