ऋषिकेश/देहरादून, 20 मार्च 2026: उत्तराखंड राज्य महिला आयोग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एम्स ऋषिकेश के मुख्य सभागार में “पहाड़ की नारी, देश की शक्ति” विषय पर एक भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के योगदान, सम्मान और अधिकारों को समाज के केंद्र में स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्वामी राजराजेश्वरम का पावन सान्निध्य रहा। उन्होंने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति में नारी के उच्च स्थान को रेखांकित करते हुए कहा कि “मातृशक्ति का सम्मान और उनके अधिकार राष्ट्र की उन्नति का आधार है।” उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं, जो समाज के लिए गर्व का विषय है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़ते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और कानूनी सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने महिलाओं की सहयोग भावना, उदारता और बहुआयामी योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने की। उन्होंने कहा कि आयोग का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़ी महिला तक न्याय और स्वरोजगार के अवसर पहुंचाना है। उन्होंने इस सम्मान समारोह को नारी शक्ति के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक बताया।
समारोह में विधायक ऋषिकेश प्रेमचंद अग्रवाल, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना, डॉ. रीमा पंत, एम्स निदेशक डॉ. मीनू सिंह तथा महापौर शम्भू पासवान सहित कई गणमान्य अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने “दान से लाभ” विषय की प्रासंगिकता पर चर्चा करते हुए समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर सुरक्षा, शिक्षा, स्वरोजगार एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 12 महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें जया बलूनी (एसपी देहात), साक्षी सिंह (आईआईएस), श्रीमती गीता चंदोला, श्रीमती तुलसी मेहरा, सुश्री नेहा सिंह, दर्शनी देवी नेगी, रेखा रयाल, कमला नेगी, चन्द्रिका पुंज, कुमारी मुस्कान (स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी), रेखा राणा एवं डॉ. अर्पिता नेगी शामिल रहीं।
कार्यक्रम में आयोग की उपाध्यक्ष सायरा बानो, सदस्य कमला जोशी, विमला नैथानी, किरण देवी, वैशाली नरूला, कंचन कश्यप, सरोज बहुगुणा, सदस्य सचिव उर्वशी चौहान सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन में नारी सशक्तिकरण, सम्मान और समाज में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने का सशक्त संदेश दिया गया।
एम्स ऋषिकेश में “पहाड़ की नारी, देश की शक्ति” कार्यक्रम का हुआ आयोजन, नारी सशक्तिकरण का संदेश देते हुए 12 महिलाओं को किया सम्मानित, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वर्चुअली जुड़े,












Leave a Reply