ऋषिकेश : स्कूटी चोरी में आरोपी युवक गिरफ्तार, दो दिन में खुला चोरी का मामला, ₹1.10 लाख कीमत की एक्टिवा बरामद
ऋषिकेश 31 मार्च । ऋषिकेश पुलिस ने चोरी हुए वाहन का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये कीमत की चोरी की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 31 मार्च को वादी अनूप सिंह पुत्र स्व. रूप सिंह निवासी दौधण, दिउली थाना लक्ष्मणझूला, जनपद पौड़ी गढ़वाल ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 मार्च को होटल नीरज नेचर, वीरभद्र रोड के बाहर खड़ी उनकी एक्टिवा स्कूटी (नंबर UK14M-0148) चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 125/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (प्रथम) के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित कर चोरी की घटना के खुलासे के लिए कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर जंगलात बैरियर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध स्कूटी चालक पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान आयुष चौधरी (19) पुत्र विशाल चौधरी निवासी ग्राम नेक, थाना जानी, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस ने जब स्कूटी का नंबर ई-चालान मशीन से जांचा और चेसिस व इंजन नंबर का मिलान किया तो वह चोरी की एक्टिवा ही निकली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। गिरफ्तारी और बरामदगी की पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मेरठ का रहने वाला है और चार माह पहले घर छोड़कर ऋषिकेश आ गया था। वह त्रिवेणी घाट और मंडी तिराहे के आसपास सड़क किनारे रहकर छोटी-मोटी चोरी कर खर्च चलाता था। आरोपी ने बताया कि उसने होटल के बाहर खड़ी एक्टिवा चोरी की थी और पकड़े जाने के डर से नंबर प्लेट को कपड़े से ढक दिया था।












Leave a Reply