Advertisement

ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में पहाड़ी व्यंजनों की खुशबू, यात्रियों को मिल रहा अनोखा स्वाद और अनुभव


ऋषिकेश, 22 अप्रैल ।चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए ऋषिकेश स्थित यात्रा ट्रांजिट कैंप में इस बार पहाड़ी स्वाद का विशेष आकर्षण देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत नगर निगम द्वारा यहां बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं, जिनकी निगरानी जिलाधिकारी सविन बंसल कर रहे हैं।
ट्रांजिट कैंप में स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन जैसे उड़द दाल के पकोड़े, कापली भात, तिल की चटनी, जंगोरे की खीर और मंडवे की रोटी परोसी जा रही हैं। इन व्यंजनों का स्वाद लेकर श्रद्धालु न केवल उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति से परिचित हो रहे हैं, बल्कि उन्हें यात्रा के दौरान पौष्टिक भोजन भी मिल रहा है।
उपासना जन सेवा स्वायत्त सहकारिता संगठन से जुड़ी 12 महिला समूह इस पहल में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। इनके माध्यम से स्थानीय महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल रहा है।
बिहार से आए श्रद्धालु अरुण कुमार ने बताया कि पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद उनके लिए नया और खास अनुभव है। वहीं, गणपति स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष सुनीता बंसल ने कहा कि प्रशासन द्वारा स्टॉल उपलब्ध कराए जाने से महिलाओं को अपनी आजीविका मजबूत करने का अवसर मिला है।
यह पहल जहां यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान कर रही है, वहीं स्थानीय महिलाओं के सशक्तिकरण का भी सशक्त उदाहरण बनकर सामने आ रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *