ऋषिकेश, 15 मई। लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब रामा होटल के पास धोतिया गांव जाने वाले रास्ते की ओर जंगल में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को कोतवाली लक्ष्मणझूला पुलिस को सूचना मिली कि रामा होटल के समीप जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर एक व्यक्ति पेड़ से लटका हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रकाश पोखरियाल, चौकी प्रभारी रामझूला नवीन पुरोहित सहित पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि लगभग 35 से 50 वर्ष आयु का एक व्यक्ति पेड़ से लटका हुआ है। प्रारंभिक जांच में प्रतीत हो रहा है कि व्यक्ति ने करीब 10 से 15 दिन पूर्व आत्महत्या की होगी, क्योंकि शव काफी सड़-गल चुका था और वहां से तेज दुर्गंध आ रही थी।
पुलिस टीम ने कठिन परिस्थितियों में शव को पेड़ से नीचे उतारा और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से केवल 2600 रुपये नकद बरामद हुए, जबकि कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिले। इससे मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव को पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शिनाख्त हेतु एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी में रखवा दिया है। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों, आश्रमों, धर्मशालाओं और होटलों में मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा शिनाख्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।













Leave a Reply