Advertisement

रन फॉर योगा के जरिए दिया स्वस्थ जीवन का संदेश, योग को जनआंदोलन बनाने का आह्वान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की सहभागिता


देहरादून, 19 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित “रन फॉर योगा” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग करते हुए प्रदेशवासियों को स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि योग को जन-जन तक पहुंचाने, स्वस्थ समाज के निर्माण और सकारात्मक जीवन मूल्यों को बढ़ावा देने का सशक्त अभियान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली वैज्ञानिक एवं जीवनोपयोगी पद्धति है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है। यहां की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा और प्राकृतिक वातावरण संपूर्ण मानवता को स्वास्थ्य, शांति और सकारात्मक जीवन का संदेश देते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप योग को वैश्विक पहचान मिली है। वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता प्राप्त हुई। आज विश्व के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत की वैश्विक स्वीकृति का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अवसाद और विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नियमित योग और व्यायाम को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ, ऊर्जावान और अनुशासित युवा ही राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। नई योग नीति के माध्यम से योग एवं ध्यान केंद्रों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है, योग प्रशिक्षकों को सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है तथा योग एवं वेलनेस आधारित रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग अपनाने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा देने, नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने तथा योग के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के युवा योग को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और स्वस्थ, समृद्ध एवं सशक्त उत्तराखण्ड के निर्माण में सहभागी बनेंगे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक विनोद चमोली, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, आयुष सचिव रंजना राजगुरु, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोभाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *