कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर ऋषिकेश हरिद्वार के लिए ₹750 करोड़ की परियोजनाओं का प्रस्ताव, मेरठ से हरिद्वार ऋषिकेश तक लाई जाए मेट्रो: पुष्कर सिंह धामी 


ऋषिकेश/ देहरादून/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के मद्देनजर हरिद्वार के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। मुख्यमंत्री ने गंगा कॉरिडोर क्षेत्र में बिजली लाइनों के भूमिगतिकरण तथा विद्युत प्रणाली को स्वचालित करने के लिए करीब ₹750 करोड़ की परियोजना को मंजूरी देने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि कुंभ मेले के दौरान ऋषिकेश और हरिद्वार में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना रहती है। ऐसे में शहर की बुनियादी सुविधाओं को आधुनिक और सुरक्षित बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अनुरोध किया कि गंगा कॉरिडोर क्षेत्र में बिजली लाइनों के भूमिगतिकरण और सिस्टम को ऑटोमेटेड बनाने के लिए प्रथम चरण में ₹325 करोड़ और द्वितीय चरण में लगभग ₹425 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की जाए, जिससे कुंभ से पहले यह कार्य पूरा किया जा सके।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने हरिद्वार के समग्र शहरी विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने ऋषिकेश और हरिद्वार के घाटों के सौंदर्यीकरण, तीर्थ यात्रियों के लिए आवासीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और शहर की शहरी अवसंरचना को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार से विशेष सहयोग देने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, इसलिए इसकी तैयारियों को विश्वस्तरीय बनाया जाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री धामी ने इस दौरान रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) को मोदीपुरम (मेरठ) से आगे बढ़ाकर हरिद्वार तक विस्तारित करने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड के बीच आवागमन और अधिक तेज व सुगम होगा तथा पर्यटन और तीर्थाटन को भी नई गति मिलेगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर के विकास को भी प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इस परियोजना को केंद्र सरकार के सहयोग से आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह कॉरिडोर राज्य के प्रमुख शहरों को आधुनिक परिवहन व्यवस्था से जोड़ने के साथ ही यातायात दबाव को कम करने में भी मददगार होगा।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए सभी विषयों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर सहयोग देने के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुलाकात के अंत में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की पारंपरिक और प्रसिद्ध उत्पाद “बद्री गाय का घी” केंद्रीय मंत्री को भेंट कर राज्य की समृद्ध संस्कृति और स्थानीय उत्पादों की जानकारी भी साझा की।

सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं को स्वीकृति मिलने पर कुंभ मेला 2027 से पहले हरिद्वार में बिजली, परिवहन और शहरी सुविधाओं का बड़ा नेटवर्क विकसित होगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी और शहर का समग्र विकास भी सुनिश्चित होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *