ऋषिकेश 1 अक्टूबर। नगर निगम ऋषिकेश की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चन्द्रेश्वर नगर स्थित रजत जयंती पार्क में ‘सेवा सुशासन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन, नागरिक सुविधाओं और ऋषिकेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों के बीच संवाद हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा, सुशासन और जनहित सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने ऋषिकेश क्षेत्र के समग्र विकास, स्थानीय समस्याओं के समाधान तथा विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर विचार रखे।
इस मौके पर महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि नगर निगम क्षेत्रवासियों को बेहतर मूलभूत एवं नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। शासन की योजनाओं का पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना निगम की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के साथ निरंतर संवाद से क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझकर समाधान की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा सकता है।
संवाद कार्यक्रम में ऋषिकेश क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। शासन की योजनाओं की स्थानीय स्तर पर पहुंच, उनके क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों, नागरिक सुविधाओं में सुधार तथा भविष्य में किए जाने वाले जनहित के कार्यों को लेकर पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों ने सुझाव दिए।
कार्यक्रम में प्राप्त सुझावों को जनहित की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन तथा संबंधित विषयों को सक्षम स्तर तक पहुंचाने पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने शासन, जनप्रतिनिधियों और जनता के बीच संवाद को और मजबूत करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षदगण, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।













Leave a Reply