Advertisement

सड़कों और पुलिस सुविधाओं के विकास को सीएम की मंजूरी, 21.56 करोड़ रुपये होंगे खर्च नैनीताल, बागेश्वर और टिहरी में सड़क सुधारीकरण व निर्माण कार्यों को मिली स्वीकृति


देहरादून 01 अक्टूबर।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में सड़क, पुलिस आवास और पुलिस कार्यालयों की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं के तहत कुल 21.56 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
राज्य योजना के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र नैनीताल में शहीद संजय बिष्ट मोटर मार्ग के किमी चार से तितोली तक सड़क के सुधारीकरण के लिए 3.20 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार जनपद बागेश्वर के विधानसभा क्षेत्र बागेश्वर में देवलधार-माईथान लेटी-गिरेछीना मोटर मार्ग के किमी सात से किमी 11.500 तक शेष निर्माण कार्य के लिए 1.67 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
जनपद टिहरी गढ़वाल में मोटना से झिवाली तक मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 3.30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इन कार्यों से संबंधित क्षेत्रों में सड़क संपर्क और आवागमन सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग से संबंधित निर्माण कार्यों को भी मंजूरी दी है। जनपद नैनीताल के आरआरबी प्रथम बैलपड़ाव रामनगर वाहिनी परिसर में प्रशिक्षण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए टिनशेड निर्माण हेतु कुल 77.32 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें प्रथम किश्त के रूप में 46.39 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
वहीं, पुलिस लाइन अल्मोड़ा में टाइप-द्वितीय के 16 और टाइप-तृतीय के छह आवासों के निर्माण के लिए 8.67 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर, चम्पावत, धारचूला, खटीमा, रामनगर और श्रीनगर के कार्यालयों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) कक्षों के निर्माण के लिए 3.92 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
मुख्यमंत्री की स्वीकृतियों से पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के साथ ही पुलिस कर्मियों के आवासीय और कार्यालयी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कार्य आगे बढ़ेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *