हिमाचल की राजनीति को लगा बहुत बड़ा झटका,पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का निधन


देेेेेेेेहरादून 08जुलाई।   बृहस्पतिवार सुबह लंबी बीमारी के बाद हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आईजीएमसी शिमला में निधन हो गया। एक तरह से हिमाचल की राजनीति का ध्रुव तारा अस्त हो गया।उन्होंने शिमला स्थितआईजीएमसी अस्पताल में सुबह करीब 3.40 बजे अंतिम सांस ली। आईजीएमसी के एमएस डॉ. जनक राज ने इसकी पुष्टि की है। वीरभद्र सिंह के निधन से प्रदेश में शोक छा गया है। वीरभद्र सिंह 87 साल के थे।
12 अप्रैल को पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह कोरोना संक्रमित पाए गए थे। कोरोना संक्रमित होने के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कोरोना से उबरने के बाद 30 अप्रैल को शिमला लौटने के दौरान एक बार फिर उनकी तबियत बिगड़ गई थी। जिसके चलते उन्हें आईजीएमसी अस्पताल में भर्ती किया गया था।
वीरभद्र सिंह 30 अप्रैल से आईजीएमसी में भर्ती थे। वीरभद्र सिंह कोरोना से उबरने के कुछ महीनों बाद ही फिर से पॉजिटिव हो गए थे। 10 जून को उनकी कोरोना रिपोर्ट फिर से पॉजिटिव आई थी। उन्हें मेकशिफ्ट में रखा गया था, लेकिन बीते सप्ताह उनकी रिपोर्ट ठीक आने पर उन्हें स्पेशल वार्ड में रखा गया था।
वीरभद्र सिंह की हालत सोमवार से बिगड़ गई थी। उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था। सांस लेने में तकलीफ की वजह से उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया था। लेकिन बुधवार सुबह उनका निधन हो गया।
उल्लेखनीय है कि वीरभद्र सिंह छह बार हिमाचल के मुख्यमंत्री रहे हैं। वीरभद्र सिंह यूपीए सरकार में भी केंद्रीय कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। उनके पास केंद्रीय इस्पात मंत्रालय रहा। इसके अलावा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्रालय भी रह चुका है। वीरभद्र सिंह का जन्म 23 जून, 1934 को बुशहर रियासत के राजा पदम सिंह के घर में हुआ।
वीरभद्र सिंह ने 1962 में, वर्ष 1983 से 1990, 1993 से 1998, 1998 में कुछ दिन तक तीसरी बार, फिर 2003 से 2007 और 2012 से 2017 में हिमाचल के मुख्यमंत्री रहे। लोकसभा के लिए वह पहली बार 1962 में चुने गए।
उन्होंने पहली बार महासू लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। पंडित जवाहर लाल नेहरू उन्हें राजनीति में लाए थे। इस बात को वीरभद्र सिंह बार-बार दोहराते थे। लोकसभा के लिए वीरभद्र सिंह 1962, 1967, 1971, 1980 और 2009 में चुने गए। वर्तमान में वीरभद्र सिंह अर्की से विधायक थे।
इंदिरा गांधी की सरकार में वीरभद्र सिंह दिसंबर 1976 से 1977 तक केंद्रीय पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री रहे। दूसरी बार भी वह इंदिरा सरकार में ही वर्ष 1982 से 1983 तक केंद्रीय उद्योग राज्यमंत्री रहे।
इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश में तत्कालीन मुख्यमंत्री ठाकुर राम लाल की जगह मुख्यमंत्री की कमान संभाली। उसके बाद से राज्य की राजनीति में सक्रिय हुए।
फिर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व की केंद्र की यूपीए सरकार में वीरभद्र सिंह 28 मई 2009 से लेकर 18 जनवरी 2011 तक कैबिनेट मंत्री रहे। उनके पास पहले इस्पात मंत्रालय रहा। उसके बाद उन्हें सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्रालय दिया गया।
वीरभद्र सिंह परंपरागत सीट रोहड़ू से विधानसभा चुनाव लड़ते थे। अपने घर रामपुर की सीट के अनारक्षित होने के कारण वह कभी भी यहां से चुनाव नहीं लड़ पाए।
पुनर्सीमांकन के चलते रोहड़ू सीट भी आरक्षित हुई तो 2012 में उन्होंने शिमला ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ा। 2017 में उन्होंने यह सीट अपने बेटे विक्रमादित्य सिंह के लिए सीट छोड़ दी और खुद अर्की से चुनाव लड़ा और जीते। उनके निधन से हिमाचल की राजनीति को बड़ा झटका लगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *